Categories

June 9, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

उत्तराखंड जल संस्थान कार्यालय खाली करने के आदेश।

1 min read

मसूरी : शहर के महत्वपूर्ण कार्यालय उत्तराखंड जल संस्थान को 4 सितंबर तक कार्यालय खाली करने के न्यायालय द्वारा आदेश पारित किए जाने के बाद जल संस्थान के कार्यालय की समस्या खड़ी हो गई है। अगर शहर में व्यवस्था नहीं हो पायी तो जल संसथान का कार्यालय आठ किमी दूर भिलाडू में बनाया जायेगा जिससे आम जनता को परेशानी होगी।
पूर्व में बहुउद्देशीय टाउन हॉल में जल संस्थान का कार्यालय स्थापित था लेकिन टाउन हॉल के नवीनीकरण के कारण जल संस्थान को ऑफिस खाली कर निजी भूमि पर कार्यालय स्थापित करना पड़ा था, जिसके बाद लगभग 8 साल तक टाउन हॉल का कार्य चलता रहा इस दौरान उत्तराखंड जल संस्थान को निजी भूमि पर ही कार्यालय संचालित करना पड़ रहा है। लेकिन भूमि स्वामी द्वारा न्यायालय में वाद दायर कर जल संस्थान कार्यालय से भूमि खाली करने के आदेश पारित करवा लिए गए इसके बाद न्यायालय द्वारा 4 सितंबर तक जल संस्थान कार्यालय को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यालय ना मिलने की स्थिति में जल संस्थान को मसूरी से लगभग 8 किलोमीटर दूर अपनी भूमि पर कार्यालय स्थापित करना पड़ेगा जिससे मसूरी वासियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा साथ ही पानी का बिल नए कनेक्शन और शिकायतों के लिए भी 8 किलोमीटर दूर जाना होगा। बताते चलें कि मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण और नगर पालिका के बीच टाउन हॉल को लेकर वार्ता चल रही है लेकिन इसका खामियाजा उत्तराखंड जल संस्थान को चुकाना  पड़ रहा है ऐसे में यदि जल संस्थान को तय समय पर कार्यालय उपलब्ध नहीं होता है तो आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इस बारे में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि 4 सितंबर तक कार्यालय को अन्य जगह शिफ्ट किया जाना है और इस बारे में पालिकाध्यक्ष से भी वार्ता की गई है उन्होंने कहा कि कार्यालय ना मिलने की स्थिति में भिलाडू स्थित जल संस्थान की भूमि पर कार्यालय बनाया जाएगा जिससे शहर वासियों को परेशानी होगी। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड जल संस्थान एक महत्वपूर्ण विभाग है और उसको कार्यालय दिए जाने के लिए उनके द्वारा मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण से भी वार्ता की जा रही है क्योंकि वर्तमान में टाउन हॉल मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के पास है और इसे नगर पालिका को हस्तांतरित करने के लिए वार्ता की जा रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जल संस्थान के कार्यालय के लिए विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी और वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर टाउन हॉल में ही कार्यालय उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।

Spread the love

You may have missed