Categories

October 9, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

कांवड़ यात्रा का आखिरी दिन, बारिश के बीच गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त

1 min read

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के आखिरी दिन गंगा जल लेने के लिए शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी.

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के आखिरी दिन सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. गंगाजल लेकर कांवड़िए अपने अपने गंतव्यों की ओर लगातार आगे बढ़ रहे हैं. सुबह से ही हरिद्वार के सभी रास्तों कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की भीड़ दिखाई दे रही है. हाईवे से लेकर आंतरिक सड़कों पर भारी भीड़ जमा है.

सुबह आठ बजे से बारिश शुरू हुई और बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ और कई कांवड़िए भीगते हुए अपनी यात्रा पूरी करने के लिए आगे बढ़ते नजर आए. कांवड़ मेले के आखिरी चरण में डाक कांवड़ियों के रवाना होने का सिलसिला जारी है. दोपहिया वाहनों से भी कांवड़िए गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं. हरिद्वार नजीबाबाद, हरिद्वार दिल्ली और अन्य प्रमुख मार्गों पर कांवड़ वाहनों की भीड़ बनी हुई है. कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें भी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं.

वहीं आज सोमवार को सावन का दूसरा सोमवार भी है. इसके चलते हरिद्वार के प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. हरकी पैड़ी से लेकर कनखल दक्ष मंदिर, बिलकेश्वर मंदिर और अन्य सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं. श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख समृद्धि और मंगल की कामना की.कांवड़ यात्रा के आखिरी दिन हरिद्वार का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है.

जगह जगह बोल बम और हर हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं. बारिश के बावजूद शिवभक्तों के कदम नहीं रुक रहे हैं. गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िए अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लगातार आगे बढ़ रहे हैं.

प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार कावड़ मेला प्रारंभ होने से अभी तक 03 करोड़ 80 लाख 18 हजार शिव भक्त जल लेकर अपने-अपने गंतव्य को रवाना हो चुके हैं. पिछले साल के कांवड़ मेले में करीब चार करोड़ कांवड़िए हरिद्वार आए थे, इस बार अनुमान है कि यह आंकड़ा पांच करोड़ तक पहुंच सकता है. उसी के अनुसार पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. आज भी हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है.

सोमवार सुबह आठ बजे से बारिश होने का सिलसिला शुरू हो गया था और दो घंटे से झमाझम बारिश होने का सिलसिला जारी है. बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेकर बारिश में ही अपने गंतव्यों को आगे बढ़ रहे हैं. चौक चौराहों पर पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी दे रहे हैं. हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी कमान संभाले हुए हैं. बारिश के बीच निरीक्षण कर मौजूदा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. फिलहाल हरिद्वार से डाक कांवड़ के रवाना होने का सिलसिला भी जारी है और दोपहिया वाहनों से आने वाले कांवड़िए अभी भी हरिद्वार आ रहे हैं और हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर रवाना हो रहे हैं.

Spread the love

More Stories

You may have missed