Categories

November 24, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

‘बैंणी भुली योजना’ पर सियासत तेज: गणेश गोदियाल का धामी सरकार पर तंज, बोले- चुनाव से पहले आई मातृशक्ति की याद

1 min read

उत्तराखंड में ‘बैंणी भुली योजना’ पर संग्राम मच गया है. कांग्रेस इस बहाने धामी सरकार को घेरकर इसे चुनावी स्टंट बता रही है.

देहरादून: सरकार की ओर से घोषित की गई बैंणी भूली योजना को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर निशाना साधा है. गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव से पहले अब धामी सरकार को मातृशक्ति की याद आई है. उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकारें जनता के विकास और कल्याण के लिए 5 साल यानी 60 महीने के लिए चुनी जाती हैं, लेकिन ताज्जुब की बात है कि धामी सरकार को राज्य की मातृशक्ति की याद ठीक चुनाव से पहले आ रही है. उन्होंने कहा कि आखिर 5 साल तक महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने क्या किया. अब चुनाव नजदीक हैं, इसलिए आर्थिक सहायता के नाम पर महिलाओं को लुभाने और रिझाने की कोशिश की जा रही है.

गणेश गोदियाल ने सवाल उठाया कि जब पर्वतीय जिलों में गर्भवती माताओं को डंडी कंडियों से मुख्य मार्ग तक पहुंचाया जाता है तब सरकार की यह चिंता कहां चली जाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान चला रही है, जिसमें मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचारों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच गई, इस अभियान के तहत लोगों से हस्ताक्षर लिए गए, इन हस्ताक्षरों को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता 26 तारीख को लोकभवन कूच करके प्रदेश भर से एकत्रित किए गए हस्ताक्षरों को उन्हें सौपेंगे.

ऐसे में सरकार को चेतना चाहिए, लेकिन सरकार को यह लग रहा है कि 5 या 10 हजार रुपए मातृशक्ति के खातों में डालकर चुनाव जीत जाएंगे. गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार इस बात को मातृशक्ति के बीच उठाती आ रही है, आखिर क्यों चुनाव के वक्त महिलाओं के खातों में यह पैसा डाला जाए, अगर धामी सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती तो हर महीने क्यों नहीं सरकार ने महिलाओं के खातों में पैसे डाले. उन्होंने आगे कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी की सरकार उत्तराखंड में आती है तो महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए महिला सम्मान निधि बनाएंगे.

इस निधि के माध्यम से प्रत्येक महिला को हर महीने आर्थिक मदद दिए जाने का काम किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की मातृ शक्ति केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं है. वह अपने अधिकार सम्मान और भविष्य का हिसाब मांगना जानती है. उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए बताया कि यह भी फार्मूला है कि बिहार में अधिसंख्य लोगों से पैसे वापस लिए जा रहे हैं. ऐसा ही फार्मूला कहीं भाजपा उत्तराखंड में भी लागू ना करे. गोदियाल ने कटाक्ष किया आज चुनाव के समय तो पैसा दिया जा रहा है, जब वोट ले लिया तो फिर वापस ले रहे हैं. इस फार्मूले के साथ-साथ भाजपा का यह फार्मूला भी तैयार है.

Spread the love

More Stories

You may have missed