मसूरी – पालिका सभासद जसबीर कौर ने वन विभाग को दिया ज्ञापन, जार्ज एवरेस्ट से हैली सेवायें चलाने का किया विरोध।
1 min read
मसूरी : नगर पालिका सभासद जसबीर कौर ने प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी वन प्रभाग को ज्ञापन देकर सर जार्ज एवरेस्ट में हैलीपैड बनाकर हैली सेवाओं के संचालन पर आपत्ति दर्ज कर विरोध किया।
सभासद जसबीर कौर ने डीएफओ मसूरी वन प्रभाग को दिए ज्ञापन में कहा कि मसूरी प्राकृतिक सौदर्य से भरपूर नगरी है। जहां देश विदेश के लोग यहां पर प्राकृतिक साैंदर्य का अवलोकन करने के साथ ही यहां पर मौजूद पशु पक्षियों, व जैव विविधताओं को देखने आते हैं। जो कि शांतिपूर्ण वातावरण में भी देखे जा सकते हैं। लेकिन मालूम हुआ है कि यहां पर हैलीपैड बनाकर यहां से हिमालय दर्शन शुरू किया जा रहा है। जिसका कड़ा विरोध किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हैलीकाप्टर के चलने से सबसे बुरा प्रभाव यहां के जंगली जानवरों व पक्षियों पर पड़ेगा। क्यो कि उसके शोर शराबे से जानवर पलायन को मजबूर हो जायेंगे। उन्होंने कहाकि अगर यहां पर हैलीपैड बनाये जाने से बड़ी संख्या में दिन रात हैलीकाप्टर चलेगो जिससे जंगली जानवर व पक्षी परेशान होगें व भाग जायेगे। जबकि यहां पर वन विभाग की विनोग वन्यजंतु विहार भी है जिसे देखने देश विदेश में पक्षी व पशु प्रेमी आते हैं। वहीं यह इको सेंसेटिव जोन में आता है ताकि इस प्रकार की गतिविधियां न हो सकें। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि एक ओर जहां सेंसेटिव जोन होने से ग्रामीणों के नित कार्य में भी प्रतिबंध लगाया गया है व मकान बनाने पर भी प्रतिबंध है तो ऐसे मेें हैली सेवाओं को शुरू करने की इजाजत कैसे दी जा रही है। जो कि स्थानीय जनता के साथ भेदभाव भी है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि इस मामले में स्थानीय जनता, पर्यावरण प्रेमियों से कोई सुझाव व आपत्तियां नहीं मांगी गई है। उन्होंने कहा कि हैली सेवायें मसूरी के किसी अन्य स्थान से संचालित की जाय ताकि यहां के जंगली जानवरों व लोगों को परेशानी न हो सके। उन्होंनेे मांग की कि जनहित व पर्यावरण हित में हैली सेवाओं को तत्काल बंद किया जाय।
