Categories

July 9, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

गाय के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर, पुलिस ने संभाला मोर्चा

1 min read

गाय के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी.

रुद्रपुर: जिले के रुद्रपुर शहर में बुधवार को गाय के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. गंगापुर रोड पर हुई इस घटना में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले. इतना ही नहीं, दोनों ओर से पत्थरबाजी भी की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब बगवाड़ा निवासी कुछ सिख युवकों ने एक गाय पर अपना मालिकाना हक जताया. दूसरी ओर, खड्डा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति गाय को अपने साथ ले जा रहा था और उसका दावा था कि गाय उसी की है. इसी बात को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई. देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पत्थरबाजी भी शुरू हो गई.

सड़क पर अचानक हुए इस बवाल से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई. कई लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागकर जान बचाई, जबकि कुछ स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी.सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को आता देख मारपीट में शामिल कई लोग घटनास्थल से फरार हो गए. पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की तथा विवाद के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई.

प्रारंभिक जांच में पुलिस गाय के वास्तविक मालिक का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि विवाद किस परिस्थिति में इतना बढ़ गया कि हिंसक झड़प की नौबत आ गई. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मारपीट और पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके.

सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी. पुलिस को देखकर मारपीट करने वाले कई लोग फरार हो गए. पीड़ित पक्ष से पूछताछ की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है. उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और शिकायतों के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-धर्मवीर सोलंकी, ट्रांजिट कैंप कोतवाल प्रभारी-

फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हालात पूरी तरह सामान्य बताए जा रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, कानून अपने हाथ में न लेने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Spread the love

You may have missed