Categories

May 4, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

मसूरी माल रोड बैरियर पर दो दंपतियों के बीच जमकर हुई हाथापाई और गाली गलौज, जानिए पूरा मामला

1 min read

मसूरी में मामूली बात पर दो दंपतियों के बीच बहस मारपीट में बदल गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया.

मसूरी: पर्यटन नगरी मसूरी में रविवार देर शाम माल रोड बैरियर पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब दिल्ली से आए एक पर्यटक ने प्रतिबंधित समय में माल रोड के अंदर वाहन ले जाने की जिद पकड़ ली. विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक दंपति और स्थानीय दंपति के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. वहीं दंपतियों के बीच जमकर गाली-गलौज और लात घूसे चले. स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग किया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिल्ली से आया पर्यटक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ माल रोड बैरियर पर पहुंचा था. ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उसे बताया कि प्रतिबंधित समय में माल रोड पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद है और वाहन को पार्किंग में खड़ा कर पैदल जाना होगा. लेकिन पर्यटक वाहन अंदर ले जाने की जिद पर अड़ गया. बताया जा रहा है कि पर्यटक ने बैरियर के पास ही वाहन खड़ा कर दिया और करीब साढ़े पांच घंटे तक वहीं बैठा रहा. जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया. देर शाम स्थानीय दंपति और लोग वहां पहुंचे और सड़क से वाहन हटाने का अनुरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.

आरोप है कि पर्यटक और उसकी पत्नी वाहन से उतरकर स्थानीय व्यक्ति पर चप्पलों से हमला करने लगे, जिसके बाद उसकी पत्नी भी उलझ पड़ी. दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले. वहीं महिलाओं के बीच भी धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई. घटना के दौरान माल रोड बैरियर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया. बाद में पुलिस दोनों पक्षों को मसूरी कोतवाली ले गई, जहां देर रात तक एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को लेकर बहस चलती रही.

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में प्रतिबंधित समय में नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार मामले में पब्लिक न्यूसेंस फैलाने और कानून व्यवस्था बाधित करने के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पर्यटन सीजन में बढ़ती अव्यवस्था और नियमों की अनदेखी पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि माल रोड पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

Spread the love

You may have missed