‘आंखों में रोशनी नहीं, पर आवाज से रोशन कर ली दुनिया’: ‘रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड’ विजेता से जानिए उनकी प्रेरक जीवन यात्रा
1 min read
ईटीवी भारत संवाददाता निखिल बापट ने ‘रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026’ से सम्मानित केरल की मशहूर गायिका वैकम विजयलक्ष्मी के साथ खास बातचीत की.
विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश): वैकम विजयलक्ष्मी की कहानी केवल दृष्टिबाधित (देख न पाने) होने की चुनौती से पार पाने भर की नहीं है, बल्कि एक गायिका के रूप में ऐसा जीवन और शानदार करियर बनाने की है, जो दूसरों को भी प्रेरित करता है. केरल के वैकम की रहने वाली मशहूर भारतीय पार्श्व गायिका, कर्नाटक संगीतकार और वादक विजयलक्ष्मी अपनी अनोखी आवाज़, असाधारण संगीत क्षमता और एक तार वाले अनूठे इलेक्ट्रिक वाद्ययंत्र ‘गायत्री वीणा’ में अपनी महारत के लिए जानी जाती हैं.
विजयलक्ष्मी को सोमवार को यहां आयोजित एक भव्य समारोह में कला और संस्कृति श्रेणी में ‘रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026’ से सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें 2024 की मलयालम फिल्म ‘अजयंते रंदम मोशनम’ के गीत ‘अंगु वाना कोनिलु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के कुछ महीनों बाद मिला है. इस मौके पर ईटीवी भारत की टीम ने उनकी इस कामयाबी के बारे में विस्तार से बातचीत की.
45 वर्षीय विजयलक्ष्मी ने ईटीवी भारत से बातचीत में कहा कि उन्हें इस पुरस्कार की उम्मीद नहीं थी. इसे “ईश्वर का उपहार” बताया. उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक बड़ा सरप्राइज है. इसे पाकर मैं खुद को बहुत भाग्यशाली और खुश महसूस कर रही हूं.” विजयलक्ष्मी ने ईश्वर, अपने माता-पिता, गुरुओं और रामोजी ग्रुप का आभार जताया. उन्होंने कहा, “मैं श्री रामोजी राव की यादों को नमन करती हूं.”
