Categories

June 19, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

धामी मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार जल्द, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बोले- ‘अनुकूल समय है’

1 min read

लंबे समय से लटकते आ रहे धामी मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार की संभावना अब बलवती हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के वक्तव्य को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। भट्ट ने कहा कि समय अनुकूल है और जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, इसमें कोई संशय नहीं है। माना जा रहा है कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में रिक्त चल रहे चार मंत्री पदों को लेकर विधायकों की लाटरी खुल सकती है। यह भी चर्चा है कि हाल के घटनाक्रम को देखते हुए मौजूदा मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ ही कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। उधर, गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी द्वारा कोटद्वार में दिए गए बयान से राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है। वहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की विवादित टिप्पणी से संबंधित प्रश्न पर कहा कि यह विषय बहुत ही पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी मर्यादाएं हैं। उन्होंने उचित फोरम पर अपने कर्तव्य व दायित्व का निर्वहन किया है।

निरंतर टलता आ रहा मंत्रिमंडल विस्तार
अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस संभावना को पुख्ता कर दिया है। भट्ट ने शुक्रवार को कहा कि यह अनुकूल समय है और सरकार मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार और किसे मंत्रिमंडल में जगह देनी है, किसे नहीं, यह मुख्यमंत्री के विवेकाधिकार का विषय है। इस संबंध में वह पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों से विमर्श कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार जल्द होगा, इसमें कोई संशय नहीं है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के राजनीतिक गलियारों में कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ ही कुछ मंत्रियों के विभागों को भी बदला जा सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को भी दिल्ली में रहे। माना जा रहा है कि उन्होंने दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय नेताओं के साथ मंत्रिमंडल विस्तार समेत अन्य विषयों को लेकर मंथन किया। मुख्यमंत्री अब शनिवार को देहरादून लौट सकते हैं।

Spread the love

You may have missed