Categories

September 14, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

आज उत्तराखंड पहुंचेंगे राहुल गांधी, अल्मोड़ा में रैली से होगा चुनावी शंखनाद

1 min read

राहुल गांधी की रैली को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने अल्मोड़ा में डाला डेरा, आज राहुल गांधी करेंगे रैली

अल्मोड़ा: उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार यानि आज उत्तराखंड दौरे पर अल्मोड़ा पहुंचेंगे. अल्मोड़ा में राहुल गांधी सिमकनी मैदान में प्रस्तावित जनसभा को संबोधित करेंगे. जहां राहुल गांधी के दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. रैली स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कांग्रेस संगठन इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है.

रैली की तैयारियों की निगरानी के लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा में डेरा डाले हुए हैं. पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष लेशपाल आर्या तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लगातार संगठनात्मक बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं. कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं.

पार्टी नेताओं का कहना है कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के अभियान का औपचारिक आगाज भी होगी. जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है.

कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी की यह जनसभा प्रदेश की राजनीति में नया संदेश देने का काम करेगी. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि रैली के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा. जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. विभिन्न क्षेत्रों से लोगों के अल्मोड़ा पहुंचने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.

उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा राहुल गांधी की रैली को लेकर प्रदेशभर में लोगों में भारी उत्साह है. उन्होंने कहा बड़ी संख्या में लोग जनसभा में पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं. शैलजा के अनुसार, राहुल गांधी की यह जनसभा आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के चुनावी शंखनाद का काम करेगी. पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी. कांग्रेस को उम्मीद है कि यह रैली प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण प्रभाव छोड़ने वाली साबित होगी.

Spread the love

More Stories

You may have missed