Categories

June 19, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

Uttarakhand में गठित होगी प्रदेश भाजपा की नई टीम, मिशन-2027 को लेकर तैयारी शुरू

1 min read

उत्तराखंड में अपनी 19 सांगठनिक जिला इकाइयों की कार्यकारिणी को अंतिम रूप देते हुए भाजपा जल्द ही नई प्रांतीय टीम का गठन करने जा रही है। जिला कार्यकारिणी के संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों को छोड़ शेष जिलों के पदाधिकारियों से विमर्श प्रारंभ कर दिया है। जिला इकाइयों की टीमों के गठन की अंतिम प्रक्रिया के तहत जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी के साथ संबंधित विधायकों व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मंगलवार से मंथन का क्रम शुरू किया गया है।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रत्येक जिला कार्यकारिणी में महिला, युवा, एससी-एसटी, ओबीसी समेत सभी वर्गों को स्थान देने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी कड़ी में मंथन किया जा रहा है। मिशन-2027 के दृष्टिगत जिताऊ टीम तैयार करने के लिए पार्टी दो दिन में सभी पक्षों से बातचीत कर रही है। इसके उपरांत आपदाग्रस्त जिलों के अतिरिक्त शेष सभी जिलों में कार्यकारिणी गठित की जाएगी। उधर, प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई मंथन बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक दो दिन में जिला कार्यकारिणी गठित कर दी जाएंगी। इसके उपरांत नई प्रदेश कार्यकारिणी की भी घोषणा की जाएगी। नई टीम 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के साथ सेवा पखवाड़े के कार्यक्रमों का संचालन करेगी।

मातृशक्ति का अपमान कर रही कांग्रेस
भट्ट ने कांग्रेस के प्रदर्शन और उसके आरोपों पर कहा कि जो कुछ भी राहुल गांधी और तेजस्वी के मंच से हुआ, वह पीएम की दिवंगत माता ही नहीं, प्रत्येक मातृशक्ति का अपमान है। इस पर कांग्रेस नेतृत्व के माफी मांगने या गलती नहीं स्वीकारने से देशवासियों में आक्रोश है। इस अपमान और द्वेषपूर्ण घटना की पीड़ा से भाजपा कार्यकर्ता भी अछूते नहीं है। यही वजह है कि कांग्रेस को अपनी गलती का अहसास करने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। इस पर कांग्रेस के स्थानीय मुख्यालय में कांग्रेस नेताओं ने व्यवहार किया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
एक प्रश्न पर भट्ट ने कहा कि धामी मंत्रिमंडल में रिक्त चल रहे पांच मंत्री पदों को भरने के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र ही उचित निर्णय लेंगे। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में ही भाजपा वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी और जीत की हैट-ट्रिक लगाएगी।

 

Spread the love

You may have missed