Categories

September 14, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

रामनगर में हाई टेंशन तार गिरने से मां-बेटे को लगा करंट, 60 से 70 फीसदी झुलसे, हायर सेंटर रेफर

1 min read

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर का कहना है कि दोनों 60 से 70 फीसदी झुलस गए हैं, हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती हैं

रामनगर: उत्तराखंड में नैनीताल जिले के रामनगर के छोई क्षेत्र में देर रात बिजली का हाई टेंशन तार टूटकर गिरने से एक महिला और उसका बेटा करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए. हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार और ड्रेसिंग करने के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया.

बिजली का हाई टेंशन तार टूटने से मां-बेटे को लगा करंट: जानकारी के अनुसार यह घटना रामनगर के मोतीपुर छोई क्षेत्र में देर रात हुई. बताया जा रहा है कि बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 40 वर्षीय महिला और उसका 18 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग दोनों लोगों को तत्काल रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे.

डॉक्टर ने क्या कहा: रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि-

अस्पताल में छोई क्षेत्र से दो करंट लगने से झुलसे लोग लाए गए थे. दोनों बिजली का करंट लगने के बाद गंभीर रूप से झुलस चुके थे. दोनों मरीजों के शरीर पर करीब 60 से 70 प्रतिशत तक बर्न इंजरी पाई गई है. इनमें बेटे की हालत अधिक गंभीर थी जबकि महिला की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई थी.
-डॉ तौहीद, चिकित्सक, रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय-

हायर सेंटर रेफर किए गए दोनों लोग: चिकित्सक ने बताया कि दोनों मरीजों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार और आगे की जांच के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया. दोनों घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है.

स्थानीय लोगों ने की ये मांग: घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली की लाइनों और तारों की स्थिति की जांच कराई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल मां और बेटे का हायर सेंटर में उपचार जारी है.

Spread the love

More Stories

You may have missed