Categories

October 31, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

खिताब बचाने उतरेंगे नीरज चोपड़ा, नदीम भी होंगे शामिल..

1 min read

विश्व चैंपियनशिप में नीरज का लक्ष्य स्वर्ण पदक का बचाव करने वाले तीसरे खिलाड़ी बनना होगा। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी ने 2023 में बुडापेस्ट में आयोजित हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।


भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खिताब बचाने के इरादे से उतरेंगे। नीरज बुधवार को क्वालिफिकेशन दौर से अभियान की शुरुआत करेंगे। इस टूर्नामेंट में नीरज के सामने सबसे बड़ी चुनौती पाकिस्तान के अरशद नदीम और जर्मनी के जूलियन वेबर होंगे। नदीम ने पिछले साल पेरिस ओलंपिक में नीरज को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता था, जबकि वेबर ने हाल ही में डायमंड लीग का खिताब जीता था।

विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण का बचाव करने वाले तीसरे खिलाड़ी बनने का मौका
विश्व चैंपियनशिप में नीरज का लक्ष्य स्वर्ण पदक का बचाव करने वाले तीसरे खिलाड़ी बनना होगा। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी ने 2023 में बुडापेस्ट में आयोजित हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। चेक गणराज्य के दिग्गज और वर्तमान में नीरज के कोच जान जेलेंजी (1993, 1995) और ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (2019, 2022) ने ही अब तक लगातार दो मौकों पर विश्व चैंपियनशिप का ताज जीता है।

फाइनल में नदीम से मुकाबला संभव
नीरज 2024 पेरिस ओलंपिक के बाद पहली बार नदीम का सामना करेंगे जिससे उन्हें फ्रांस की राजधानी में दूसरे स्थान पर रहने का बदला लेने का मौका मिलेगा। नदीम ने पेरिस में 92.97 मीटर के शानदार थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था, जबकि नीरज का उस दिन सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.45 मीटर था और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। नीरज और नदीम का मुकाबला बुधवार को नहीं होगा क्योंकि दोनों प्रतिद्वंद्वियों को क्वालिफाइंग दौर में दो अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है। गुरुवार को फाइनल में उनके आमने-सामने होने की उम्मीद है। वेबर, पीटर्स, केन्या के 2015 के विश्व चैंपियन जूलियस येगो, त्रिनिदाद और टोबैगो के 2012 के ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वाल्कोट, चेक गणराज्य के अनुभवी जैकब वाडलेज और ब्राजील के लुईज दा सिल्वा बाकी स्टार खिलाड़ियों में शामिल हैं।
क्वालिफिकेशन दौर में ग्रुप ए में शामिल हैं नीरज
यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक प्रतियोगिता होगी क्योंकि सचिन यादव, यशवीर सिंह और रोहित यादव मैदान पर नीरज के साथ शामिल होंगे, जो इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले देशों में सबसे बड़ी संख्या है। नीरज को गत विजेता के रूप में वाइल्ड कार्ड दिया गया है, जबकि अन्य तीन ने विश्व रैंकिंग के जरिए क्वालिफाई किया। नीरज को बुधवार को 19 सदस्यीय ग्रुप ए क्वालिफिकेशन राउंड में वेबर, वाल्कोट, वाडलेज और सचिन के साथ रखा गया है, जबकि 18 सदस्यीय ग्रुप बी में नदीम, पीटर्स, येगो, डा सिल्वा, रोहित, यशवीर और उभरते हुए श्रीलंकाई खिलाड़ी रमेश थरंगा पथिरगे शामिल हैं। जो खिलाड़ी 84.50 मीटर की दूरी तक पहुंचेंगे या सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ी गुरुवार को होने वाले फाइनल में जगह बनाएंगे।
Spread the love

More Stories

You may have missed