Categories

November 21, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बनमीत और परविंदर की जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज, जानिए पूरा मामला

1 min read

अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बनमीत सिंह व परविंदर सिंह को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने याचिकाओं को किया खारिज

नैनीताल: उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दो आरोपियों बनमीत सिंह व परविंदर सिंह की जमानत याचिकाओं को नैनीताल हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है. इसके साथ ही अदालत ने देहरादून की विशेष अदालत (पीएमएलए) की ओर से 12 जून 2026 को पारित रिमांड बढ़ाने के आदेशों को चुनौती देने वाली याचिकाओं को भी निरस्त कर दिया है. अदालत ने स्पष्ट किया कि शिकायत दर्ज होने के बाद संज्ञान न लिए जाने की स्थिति में भी विशेष अदालत के पास आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने का अधिकार है.

क्या है मामला? ईडी यानी ​प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक, हल्द्वानी के दो भाई बनमीत सिंह और परविंदर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह ने डार्क वेब एवं ऑनलाइन माध्यमों से यूरोप व अमेरिका समेत अन्य देशों में नशीली दवाओं की तस्करी की. इससे मिले आय को क्रिप्टोकरेंसी (बिटकॉइन) व विदेशी मुद्रा के जरिए वैध दिखाने का प्रयास किया था.

जांच एजेंसी का आरोप है कि अमेरिका में सजा काटने और अप्रैल 2024 में भारत आने के बाद बनमीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था. मामले में 4,250 बिटकॉइन समेत अपराध की आय से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है. ​याचिकाओं में आरोपियों की ओर से दलील दी गई थी कि संज्ञान आदेश रद्द होने के बाद रिमांड वैध नहीं है. बीती 8 जून 2026 को भौतिक रूप से पेशी नहीं हुई और वे लंबे समय से हिरासत में हैं.

हालांकि, हाईकोर्ट ने कहा कि बाद के वैध रिमांड आदेश से पूर्व की प्रक्रियात्मक अनियमितता दूर हो सकती है. मामले की अंतरराष्ट्रीय प्रकृति, भारी मात्रा में क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन एवं पीएमएलए की शर्तों को देखते हुए हिरासत की अवधि के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती. वहीं, पूरे मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी की एकलपीठ में हुई.

इंटरनेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग ग्रुप को करते थे ऑपरेट: गौर हो कि अमेरिकी अधिकारियों के अनुरोध पर ईडी ने इस पूरे मामले की जांच शुरू की थी. जांच में सामने आया था कि दो भाई बनमीत सिंह और परविंदर सिंह अन्य लोगों के साथ मिलकर ड्रग ट्रैफिकिंग ऑर्गनाइजेशन ग्रुप (Singh DTO) को ऑपरेट कर रहे थे.

आरोप था कि इन लोगों ने डार्क वेब पर वेंडर मार्केटिंग साइट्स, मुफ्त विज्ञापनों और नशीले पदार्थों के वितरकों एवं वितरण सेल का इस्तेमाल अमेरिका, ब्रिटेन समेत यूरोपीय देशों में दवाएं बेचने के लिए किया. डार्क वेब मार्केट पर इन नशीली पदार्थों की बिक्री के जरिए इस संगठन को जो इनकम हुई, उसे क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन के जरिए वैलिड बताने की कोशिश की गई.

दोनों भाई डार्क वेब में अलग-अलग नाम का इस्तेमाल करते थे. साल 2019 में अमेरिकी एंजेसी के इनपुट पर बनमीत को लंदन से गिरफ्तार किया गया था. बनमीत सिंह पर आरोप था कि वो डार्क वेब पर प्रतिबंधित नशीली पदार्थों की तस्करी करता था. इसके बाद साल 2023 में बनमीत को अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था.

5 जनवरी 2024 में बनमीत सिंह को अमेरिका की कोर्ट ने प्रतिबंधित नशीली पदार्थों को तस्करी के इरादे से रखने और मनी लॉन्ड्रिंग का दोषी माना था. साथ ही 5 साल की सजा सुनाते हुए 150 मिलियन अमेरिकी डॉलर जब्त किए थे. हालांकि, अमेरीकी कोर्ट से बरी हो गया. वहीं, 19 अप्रैल 2024 को बनमीत सिंह के भारत आने पर ईडी ने गिरफ्तार कर लिया. जबकि, मई 2024 में परविंदर सिंह को भी ईडी ने गिरफ्तार किया था.

Spread the love

More Stories

You may have missed