उत्तराखंड में आज फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी, रखें अपना ध्यान
1 min readउत्तराखंड में मौसम विभाग के पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है.
देहरादून: उत्तराखंड में आज फिर मौसम करवट बदल सकता है. प्रदेश के कई हिस्सों में बीते दिनों से रूक रूक कर बारिश का दौर जारी है. वहीं देहरादून मौसम केंद्र ने आज पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है. साथ ही येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है.
देहरादून मौसम केंद्र के मुताबिक आज राज्य के पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है. वहीं उत्तराखंड के मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गरज और चमक के साथ होने का पूर्वानुमान जताया गया है. उत्तराखंड राज्य के पहाड़ी जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजल चमकने और तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है. जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. बहुत हल्की से हल्की बारिश का दौर गरज और चमक के साथ हो सकता है. अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान 35°C व 25°C के लगभग रहने की संभावना है.
बारिश के अलर्ट के बाद प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के लिए निर्देशित किया. जो मार्ग भूस्खलन से लगातार बंद हो रहे हैं, उन्हें तत्काल खोलने के निर्देश दिए गए हैं. लोगों को जरूरी ना हो तो अनावश्यक यात्रा करने से बचने की अपील की गई है. लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों व उफनती नदियों, नालों और गदेरे से दूर रहने को कहा गया है. प्रशासन ने लोगों को इन गाइडलाइन का पूरी तरह पालन कर सुरक्षित रहने का संदेश दिया है.
गौर हो कि बीते दिन से उत्तराखंड में बारिश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी है. जिससे हल्की उमस भरी गर्मी का एहसास होने लगा. वहीं मौसम विभाग ने आज फिर मौसम के करवट बदलने की भविष्यवाणी की है.उत्तराखंड मौसम विभाग ने पूरे हफ्ते का मौसम का पूर्वानुमान जताय था. मौसम विभाग के मुताबिक 13 जुलाई से 19 जुलाई तक बारिश की संभावना जताई है. वहीं बीते दिनों लगातार बारिश से प्रदेश में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और कई संपर्क मार्ग मलबा आने से बाधित हो गए.
