Categories

September 16, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

एम्स ऋषिकेश के नाम पर फर्जी भर्ती रैकेट का भंडाफोड़, 3 आरोपी अरेस्ट, जानें कैसे कर रहे थे जॉब फ्रॉड

1 min read

आरोपियों के पास से एम्स ऋषिकेश के एम्स सैटेलाइट सेंटर किच्छा के नाम पर जारी किए गए फर्जी नियुक्ति पत्र 2 लाख रुपये बरामद

ऋषिकेश: एम्स ऋषिकेश प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एम्स किच्छा में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले कथित फर्जी भर्ती रैकेट का भंडाफोड़ किया है. सुरक्षा विभाग की इंटेलीजेंस टीम ने मंगलवार को गोपनीय सूचना के आधार पर बैराज रोड पर स्टिंग ऑपरेशन कर तीन लोगों को पकड़ा. आरोपियों के पास से एम्स ऋषिकेश के एम्स सैटेलाइट सेंटर किच्छा के नाम पर जारी किए गए दो फर्जी नियुक्ति पत्र और अभ्यर्थियों से वसूले गए 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

एम्स ऋषिकेश के नाम पर फर्जी भर्ती रैकेट का भंडाफोड़: एम्स प्रशासन के मुताबिक, संस्थान को लगातार शिकायत और सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग निर्माणाधीन एम्स किच्छा में विभिन्न पदों पर भर्ती कराने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की रकम वसूल रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एम्स प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई.

एम्स किच्छा में नौकरी दिलाने के नाम पर कर रहे थे फर्जीवाड़ा: योजना के तहत एम्स सुरक्षा विभाग की इंटेलीजेंस टीम ने एक कर्मचारी को नौकरी की मांग करने वाले अभ्यर्थी के रूप में आरोपियों के पास भेजा. सूचना के अनुसार आरोपी बैराज रोड पर एक क्रेटा वाहन में बैठकर अभ्यर्थियों से पैसों का लेन-देन कर रहे थे. जालसाजी की पुष्टि होने के बाद सुरक्षा टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया.

नर्सिंग ऑफिसर और MTS के फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद: तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो अभ्यर्थियों के नाम पर तैयार किए गए फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद हुए. इनमें एक नियुक्ति पत्र नर्सिंग ऑफिसर और दूसरा मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) के पद के लिए तैयार किया गया था. इसके अलावा आरोपियों से अभ्यर्थियों से वसूली गई 2 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई.

एम्स के सुरक्षा अधिकारी ने क्या कहा: एम्स संस्थान के उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक कमांडेंट अनिल चन्द्र ने बताया कि-

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र के रहने वाले हैं. सुरक्षा विभाग की टीम ने तीनों आरोपियों को उनके क्रेटा वाहन और बरामद फर्जी दस्तावेजों के साथ एम्स ऋषिकेश की पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया है. मामले में पुलिस स्तर से आगे की कार्रवाई की जा रही है.
-अनिल चंद्र, उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी, एम्स ऋषिकेश-

युवाओं से एम्स प्रशासन की अपील: एम्स ऋषिकेश के पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहंती ने युवाओं से अपील की कि-

नौकरी के नाम पर किसी भी बिचौलिए या एजेंट के झांसे में न आएं. एम्स ऋषिकेश और उसके सेटेलाइट सेंटर एम्स किच्छा में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी एवं योग्यता के आधार पर होती है. भर्ती से जुड़ी आधिकारिक जानकारी संस्थान की वेबसाइट www.aiimsrishikesh.edu.in⁠ पर उपलब्ध रहती है.
-डॉ श्रीलोय मोहंती, पीआरओ, एम्स ऋषिकेश-

नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वालों की करें शिकायत: डॉ मोहंती ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नियुक्ति पत्र दिलाने या नौकरी लगाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल एम्स प्रशासन अथवा पुलिस को दी जाए, ताकि ऐसे फर्जीवाड़े पर समय रहते कार्रवाई की जा सके.

Spread the love

More Stories

You may have missed