Categories

September 17, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

परिजनों से बिछड़ गई थी 70 वर्षीय बुजुर्ग अम्मा, भूली घर का पता, पुलिस ने परिजनों से मिलाया

1 min read

परिवार से बिछड़ी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पुलिस ने खोजकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौटाई.

हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने अपने परिवार से बिछड़ी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया. कई दिनों से महिला बिछड़कर इधर उधर भटक रही है. लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार महिला की पहचान कर पुलिस उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया गया. महिला की पहचान 70 वर्षीय दुर्गा देवी, निवासी बजीरपुर, थाना गंगोह, उत्तर के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस का आभार जताते हुए टीम की सराहना की.

ज्वालापुर कोतवाली पुलिस के अनुसार, बीती 11 जून को सूचना मिली कि दुर्गा चौक क्षेत्र में लगभग 70 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला अकेली बैठी हुई है. सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की. महिला ने अपना नाम सोमी पत्नी अतर सिंह बताया, लेकिन वह अपने घर का पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी. उसने बताया कि वो हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान करने भी गई थी और घर का पता भूल गई.

महिला कांस्टेबल की सहायता से बुजुर्ग महिला को कोतवाली ज्वालापुर लाया गया, जहां उसकी देखभाल करते हुए पहचान के प्रयास शुरू किए गए. पुलिस ने कंट्रोल रूम, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य माध्यमों से महिला की जानकारी प्रसारित की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिली. इसके बाद 14 जून को अपर उप निरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा ने महिला से दोबारा गहनता से बातचीत की. पूछताछ के दौरान महिला ने अपने मायके का पता ग्राम बजीरपुर, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बताया.

इस सुराग के आधार पर थाना गंगोह से संपर्क किया गया और ग्राम प्रधान का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया. ग्राम प्रधान से बातचीत के बाद महिला के भतीजे का संपर्क नंबर मिला. जब पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि महिला घर से अपनी बहन के यहां जाने की बात कहकर निकली थी और उनके हरिद्वार पहुंचने की जानकारी उन्हें नहीं थी. वहीं अपनों से मिलकर महिला के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उत्साहित नजर आईं. वहीं परिजनों ने हरिद्वार पहुंचकर महिला को अपनी सुपुर्दगी में लिया और हरिद्वार पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया.

महिला को उसके घर तक पहुंचाने वाली पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा, महिला कांस्टेबल सुल्ताना और महिला होमगार्ड सायरा बानो शामिल रहीं. ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ज्वालापुर पुलिस ने बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.

Spread the love

More Stories

You may have missed