Categories

October 9, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

गंगा में नहा रहा था 19 साल का सेन, अचानक गहरे पानी में डूबकर हुआ लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

1 min read

हरिद्वार में गंगा में नहाते समय युवक डूब गया और लापता हो गया. एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.

हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर आश्रम के पास गंगा में नहा रहा युवक डूबकर लापता हो गया. 19 वर्षीय युवक की पहचान सेन मलिक पुत्र महबूब, निवासी ग्राम जियापोता, हरिद्वार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. देर शाम तक जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया. लेकिन रात तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया. उधर, डूबकर लापता हुए युवक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.

एसडीआरएफ के अनुसार, 19 मई को युवक सेन मलिक प्रेमनगर घाट के पास गंगा में नहा रहा था. इसी दौरान वो गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में डूबकर लापता हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस के जवाब मौके पर पहुंचे. टीम ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका. इसके बाद आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दी गई. युवक के गंगा में डूबने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और बोट के जरिए युवक की खोजबीन शुरू की.

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ टीम ने नदी क्षेत्र में युवक की तलाश के लिए सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया. टीम द्वारा नदी के गहरे हिस्सों में डीप डाइविंग की गई, साथ ही अन्य उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए विस्तृत खोजबीन की गई. नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. देर शाम तक गहन खोजबीन जारी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका.

उधर, सूचना मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई. युवक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. लोग युवक के सकुशल बरामद होने की प्रार्थना करते रहे. देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका. लेकिन रात होने की वजह से सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा.

एसडीआरएफ के एसआई आशीष त्यागी ने बताया कि, सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. युवक की तलाश में हर संभावित स्थान पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. गोताखोरों की मदद से नदी के आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार तलाश की जा रही है ताकि युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके.

Spread the love

More Stories

You may have missed