Categories

September 17, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

उत्तराखंड में टिकटों के लिए दिल्ली पर टिकी निगाहें, दावेदारों की बढ़ी धड़कनें

1 min read

दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में राज्य की पांचों लोकसभा सीटों के लिए भेजे गए दावेदारों के नाम के पैनल पर चर्चा के बाद दावेदारों की धड़कनें बढ़ गई हैं। संभावित दावेदारों के साथ ही पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं की नजरें दिल्ली पर टिक गई हैं। माना जा रहा है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व एक-दो दिन के भीतर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर देगा। राज्य की पांचों लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी चयन के दृष्टिगत दावेदारों के नाम का पैनल तैयार करने के लिए प्रदेश भाजपा ने सभी लोकसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक भेजे थे। इनकी रिपोर्ट मिलने के बाद प्रदेश भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट और उसमें शामिल नामों पर चर्चा हुई। इसके बाद पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया था। इसमें पांच लोकसभा सीटों के लिए 55 नाम शामिल किए गए हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बुधवार को दिल्ली पहुंच गए थे। चर्चा है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष समेत अन्य केंद्रीय नेताओं के साथ इस विषय पर विमर्श किया। गुरुवार को पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें प्रत्याशियों के चयन के संबंध में चर्चा हुई। माना जा रहा है कि अब शीघ्र ही प्रथम चरण में पार्टी कुछ उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। इनमें उत्तराखंड की पांचों सीटों के उम्मीदवार भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे में सभी की नजरें अब दिल्ली पर टिक गई हैं।

 

 

Spread the love

You may have missed