Categories

November 28, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

बरेली से सफल ऑपरेशन कराके घर लौट रही थीं 85 साल की दादी, एंबुलेंस का फार्मासिस्ट बीच रास्ते में छोड़ गया, चली गई जान

1 min read

स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की है

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का बहुत खराब हाल है. बीते दिनों 108 एंबुलेंस में रात में ड्राइवर नहीं होने के कारण एक युवा व्यापारी को जान गंवानी पड़ी थी. अब निजी एंबुलेंस के फार्मासिस्ट की जानलेवा लापरवाही ने एक 85 वर्षीय वृद्धा की जान ले ली. दरअसल एंबुलेंस का फार्मासिस्ट बीच रास्ते में ही उतर कर घर चला गया.

ऑपरेशन के बाद घर लौट रही 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की रास्ते में मौत: बरेली के मिलिट्री हॉस्पिटल में पित्ताशय के ऑपरेशन (Gallbladder operation) के बाद अपने पैतृक गांव लौट रही 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की रास्ते में ही मौत हो गई. इस दुखद घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस में तैनात फार्मासिस्ट पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. मृतका के परिजनों का कहना है कि मरीज को घर तक सुरक्षित पहुंचाने के बजाय बीच रास्ते में ही छोड़ दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और समय पर जरूरी चिकित्सकीय सहायता न मिलने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं, घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी आक्रोश व्याप्त है और पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

बरेली में हुआ था बुजुर्ग महिला का ऑपरेशन: बुजुर्ग महिला के पुत्र जगत सिंह कन्याल के अनुसार, उनकी 85 वर्षीय मां कौशल्या देवी, जो देवलथल क्षेत्र के लोहाकोट की निवासी थीं, का बरेली स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल (एमएच) में पित्ताशय का ऑपरेशन हुआ था. उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक ऑक्सीजन के सहारे रखने की सलाह दी थी. ऑपरेशन के बाद 26 नवंबर को उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से पिथौरागढ़ जिले के लोहाकोट स्थित उनके पैतृक गांव ले जाया जा रहा था. परिजनों के मुताबिक, एंबुलेंस कर्मियों के साथ मरीज को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की बात तय हुई थी.

एंबुलेंस का फार्मासिस्ट बीच रास्ते में उतरकर अपने घर चला गया: जगत सिंह का आरोप है कि सफर के दौरान एंबुलेंस में तैनात फार्मासिस्ट मरीज को लोहाकोट स्थित घर तक छोड़ने के बजाय पिथौरागढ़ नगर में ही छोड़कर चला गया. इसके तुरंत बाद उनकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और शरीर में ऑक्सीजन का स्तर तेजी से गिरने लगा. परिजनों का कहना है कि उस नाजुक समय में मरीज को आवश्यक ऑक्सीजन और समुचित चिकित्सीय सहायता नहीं मिल सकी. स्थिति गंभीर होने पर घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में कौशल्या देवी ने दम तोड़ दिया. परिजनों ने इस पूरे मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है.

मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग: घटना के बाद शोकाकुल परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि ऑपरेशन के बाद मरीज को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय थी. ऐसे संवेदनशील मामले में मरीज को बीच रास्ते में छोड़ने के आरोप बेहद गंभीर हैं. उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने, एंबुलेंस की भूमिका तथा संबंधित फार्मासिस्ट की जवाबदेही तय करने और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है.

डिप्टी सीएमओ ने कहा कार्रवाई होगी: डिप्टी सीएमओ ने कहा कि-

यह बहुत बड़ी लापरवाही है. इस तरह की घटना यदि हुई है तो एम्बुलेंस के फार्मासिस्ट और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. किसी भी मरीज को रास्ते में नहीं छोड़ा जा सकता है.
-डॉक्टर प्रशांत कौशिक, डिप्टी सीएमओ, पिथौरागढ़-

निजी एंबुलेंस की मनमानी पर उठे सवाल, स्वास्थ्य विभाग से सख्त निगरानी की मांग: निजी एंबुलेंस में समय पर ऑक्सीजन न मिल पाने के कारण बुजुर्ग महिला की मौत की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. इस घटना ने जिले में संचालित निजी एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में निजी एंबुलेंस स्टाफ की मनमानी और लापरवाही के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं, लेकिन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है.

लोगों के अनुसार, निजी एंबुलेंस संचालक मरीजों और उनके परिजनों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं, जबकि दूसरी ओर एंबुलेंस में तैनात स्टाफ अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करता. आरोप है कि कई बार जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं और ऑक्सीजन उपलब्ध न होने या स्टाफ की लापरवाही के चलते गंभीर मरीजों की जान आफत में पड़ जाती है. ऐसे में लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि निजी एंबुलेंस संचालकों और उनके स्टाफ की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा लापरवाही या मनमानी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

सीमांत जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की चुनौती: स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि पिथौरागढ़ जैसे सीमांत जिले में पहले से ही स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं. बेहतर और विशेषज्ञ इलाज के अभाव में जिले के मरीजों को अक्सर मैदानी क्षेत्रों या बड़े अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. ऐसे संवेदनशील हालात में जब मरीजों को मजबूरन निजी एंबुलेंस का सहारा लेना पड़ता है, तब संचालकों की मनमानी और लापरवाही मरीजों व उनके परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है. लोगों ने जोर दिया है कि स्वास्थ्य विभाग को इस दिशा में संवेदनशीलता दिखाते हुए सख्ती बरतनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी मरीज की जान लापरवाही की भेंट न चढ़े.

Spread the love

More Stories

You may have missed