Categories

November 16, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

उत्तराखंड चुनाव 2027: कांग्रेस की नई रणनीति, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर धामी कैबिनेट के इन तीन मंत्रियों की घेराबंदी

1 min read

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. कांग्रेस ने अपनी रणनीति पर काम शुरू किया, रिपोर्ट- नवीन उनियाल

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है. यही कारण है कि राजनीतिक दल अब एक-दूसरे को घेरने के लिए अपनी रणनीति तैयार करने में लगे हुए हैं. इसी क्रम में कांग्रेस ने भी धामी कैबिनेट के तीन मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर निशाने पर लिया है. इनमें धन सिंह रावत, रेखा आर्या और गणेश जोशी शामिल हैं. कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान के दौरान भी इन मंत्रियों और उनके विभागों पर कथित गड़बड़ियों के आरोप लगा रही है.

कांग्रेस ने मंत्रियों के भ्रष्टाचार को बनाया बड़ा चुनावी मुद्दा: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. कांग्रेस ने अभी से धामी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. खास बात यह है कि इस बार कांग्रेस ने सरकार के सभी मंत्रियों पर सामान्य आरोप लगाने के बजाय कैबिनेट के तीन चेहरों को खास तौर से निशाने पर लिया है.

कांग्रेस की सरकार को घेरने की रणनीति: कांग्रेस अपने हस्ताक्षर अभियान के दौरान भी इन मंत्रियों के नाम लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों को जनता के बीच उठा रही है. इससे साफ है कि आगामी चुनाव में कांग्रेस इन तीन मंत्रियों और उनके विभागों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है.

कांग्रेस की लिस्ट में पहला नाम धन सिंह रावत: कांग्रेस के निशाने पर पहला नाम कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत का है. पार्टी सहकारिता विभाग में कथित अनियमितताओं और नियुक्तियों में गड़बड़ी के आरोप लगाकर उन्हें घेर रही है. कांग्रेस की ओर से नियुक्ति घोटाले जैसे आरोपों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है. कांग्रेस का कहना है कि सहकारिता विभाग में हुई कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाया जाएगा.

लिस्ट में दूसरा नाम रेखा आर्या: दूसरा नाम महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या का है. हाल ही में उनके पति गिरधारी साहू की ओर से अवैध तरीके से कथित 210 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए गए थे. कांग्रेस इन आरोपों को भी राजनीतिक मुद्दा बना रही है. इसके अलावा महिला एवं बाल विकास और खाद्य विभाग में कथित अनियमितताओं को लेकर भी पार्टी रेखा आर्या को निशाने पर ले रही है.

लिस्ट में तीसरा नाम गणेश जोशी: कांग्रेस आय से अधिक संपत्ति के आरोपों के साथ उद्यान और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं में कथित गड़बड़ियों को मुद्दा बना रही है. इसके अलावा सैन्य धाम निर्माण में भी अनियमितताओं के आरोप लगाकर कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को घेरने की तैयारी में है.

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अमरेंद्र बिष्ट का कहना है कि

राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार के तीन मंत्री इसमें पूरी तरह डूबे हुए हैं. पार्टी ने पहले चरण में सबसे अधिक आरोपों का सामना कर रहे इन तीन मंत्रियों को निशाने पर लिया है, ताकि उनके विभागों में कथित भ्रष्टाचार के मामलों को जनता तक पहुंचाया जा सके.
-अमरेंद्र बिष्ट, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता-

एक तरफ जहां कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का आरोप लगातार बीजेपी सरकार के तीन मंत्रियों को निशाने पर लिया है तो वहीं बीजेपी ने उनका बचाव करती हुई नजर आ रही है. बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया. उनका कहना है कि

जिन मंत्रियों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनमें से किसी के खिलाफ भी अदालत में आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं. कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह किस आधार पर इस तरह के आरोप लगा रही है.
-मथुरा दत्त जोशी, प्रदेश प्रवक्ता, बीजेपी-

दरअसल, उत्तराखंड की राजनीति में भ्रष्टाचार हमेशा बड़ा चुनावी मुद्दा रहा है. इस बार कांग्रेस ने धामी कैबिनेट के तीन मंत्रियों को केंद्र में रखकर अपनी रणनीति को आगे बढ़ाना शुरू किया है. इसमें कांग्रेस के बड़े नेता भी इन्हीं चेहरों को केंद्रित करते हुए अपने बयान जारी कर रहे हैं. साथ ही आने वाले दिनों में उत्तराखंड में प्रदेश प्रभारी के दौरे के दौरान भी इन्हीं मंत्रियों के खिलाफ पार्टी माहौल बनाने की कोशिश करती हुई दिखाई देगी.

Spread the love

More Stories

You may have missed