Categories

November 15, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

हरीश रावत ने साधा भाजपा और अखिलेश यादव पर निशाना, बोले- उत्तराखंड के स्वाभिमान से समझौता नहीं

1 min read

कांग्रेस और बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है. पूर्व सीएम हरीश रावत ने तमाम मुद्दों पर बीजेपी को घेरा है.

मसूरी: प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में प्रदेश की जमीनों को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है और भ्रष्टाचार, महंगाई तथा जनसमस्याओं से आम जनता परेशान है. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी और कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में स्थिर सरकार बनाएगी.

हरीश रावत ने बीजेपी को जमकर घेरा: हरीश रावत ने कहा कि मसूरी और धनोल्टी विधानसभा सीटों पर भाजपा पिछले दस वर्षों से काबिज है, लेकिन इस बार यहां बदलाव देखने को मिलेगा. कांग्रेस इसे एक चुनौती के रूप में ले रही है. उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य प्रदेश में कांग्रेस की वापसी कराना है, न कि किसी पद को हासिल करना. पार्टी हाईकमान जो जिम्मेदारी देगा, उसे वह स्वीकार करेंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में पार्टी की जीत के लिए काम कर रहा है.

इन मुद्दों पर सरकार को देना चाहिए जवाब: पूर्व मुख्यमंत्री ने यूसीसी, लव जिहाद और मजार जिहाद जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को प्रदेश की उपलब्धियों के रूप में पेश नहीं किया जा सकता. सरकार को महंगाई और आम आदमी की घटती क्रय शक्ति जैसे सवालों का जवाब देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अडानी और अंबानी की संपत्ति बढ़ रही है, जबकि आम आदमी की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है. कांग्रेस भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही है. उन्होंने 210 करोड़ रुपये से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे जनता के सामने रखा जाना चाहिए.

मसूरी पेयजल योजना, पार्किंग और टाउनहाल पर भी उठाए सवाल: हरीश रावत ने मसूरी की विकास योजनाओं को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि मसूरी के लिए पेयजल योजना तैयार की गई, लेकिन आज तक उसका लोकार्पण नहीं हो पाया. जनप्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए. उन्होंने कहा कि मसूरी में पार्किंग और टाउनहाल जैसी सुविधाओं का निर्माण उनके कार्यकाल में कराया गया था, लेकिन अब भाजपा सरकार उनका लोकार्पण कर रही है.उन्होंने टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं.

कोटद्वार में भी उनके कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किया गया था. उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए, केवल घोषणाओं से विकास नहीं होता. अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि वह हरिद्वार की सेवा करना चाहते हैं और हरिद्वार का उन पर बड़ा उपकार है. खानपुर के लोग भी लगातार उनसे चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र की समस्याओं और मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाया जा सके. उन्होंने कहा कि हरिद्वार ऐसा जिला है, जहां से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बड़ी संभावनाएं हैं.

अखिलेश यादव के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया: हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुसार ही होगा.हरीश रावत ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहने संबंधी बयान की निंदा की. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता. वहीं, शक्तिमान मामले पर उन्होंने कहा कि यह मामला अभी चल रहा है.

जनता भाजपा सरकार के कार्यों पर देगी जवाब: शक्तिमान उत्तराखंड पुलिस का शानदार सिपाही था और उसकी मौत के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि वह स्वयं दोषी हैं तो उन्हें भी सजा मिलनी चाहिए, लेकिन जिसके कारण शक्तिमान की मौत हुई, उसे हर हाल में कानून के अनुसार दंडित किया जाना चाहिए. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को उसके कामकाज का जवाब देगी. कांग्रेस का लक्ष्य 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में स्थिर सरकार बनाना है. उन्होंने दोहराया कि उनकी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा किसी पद को हासिल करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड में कांग्रेस की वापसी सुनिश्चित करना है.

Spread the love

More Stories

You may have missed