Categories

November 11, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

हरिद्वार कुंभ 2027 में कचरे से प्रदूषित नहीं होगी गंगा! लगाया जाएगा ‘ट्रैश बूम इंटरसेप्टर’

1 min read

हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 से पहले गंगा में लगाया जाएगा ‘ट्रैश बूम इंटरसेप्टर’, जानिए क्या करता है काम?

हरिद्वार: उत्तराखंड में कुंभ 2027 की तैयारियां जोरों पर है. लाखों की संख्या में साधु संत और श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान है. इस दौरान काफी मात्रा में कचरा निकलने की भी आशंका है. लिहाजा, इस समस्या से निपटने के लिए कुंभ मेले से पहले हरिद्वार में गंगा नदी पर ‘ट्रैश बूम इंटरसेप्टर’ लगाया जाएगा. ताकि, ठोस कचरे से नदी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके.

हरिद्वार जिला प्रशासन की मानें तो इस साल गंग नहर के 18 दिनों तक बंद रहने के दौरान गंगा से 100 मीट्रिक टन से ज्यादा कचरा निकाला गया था. अब अगले साल कुंभ (अर्ध कुंभ) भी होना है. जिसमें लाखों की संख्या में साधु संत और लोग शामिल होकर गंगा में डुबकी लगाएंगे. जिसके चलते काफी मात्रा में कपड़े, पूजा की सामग्री समेत अन्य कचरा जमा हो सकता है. ऐसे में इस कचरे को गंगा नदी में फैलने से रोकने के लिए खास तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है.

इस तकनीक का इस्तेमाल अभी उत्तराखंड में जलविद्युत परियोजनाओं में हो रहा है. जो कचरे को टनल में जाने से रोकती है. वहीं, अब प्रदेश में पहली बार गंगा नदी में इस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. जिसके तहत ट्रैश बूम इंटरसेप्टर (Trash Boom Interceptor) लगाया जाएगा. अधिकारियों की मानें तो यह एक स्थायी व्यवस्था होगी, जिसे अमरापुर घाट और जटवाड़ा घाट पर लगाने का प्रस्ताव है.

हरिद्वार नगर आयुक्त ने दी तकनीक की जानकारी: हरिद्वार नगर निगम के नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि इस इंटरसेप्टर को लगाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. उम्मीद है कि 2027 के कुंभ से पहले यह काम करने लगेगा. उन्होंने इस तकनीक के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि,

“ट्रैश बूम इंटरसेप्टर पानी पर तैरने वाली एक रुकावट (बैरियर) की तरह है, जो नदी में फेंके गए हर तरह के कचरे जैसे फूल, कपड़े, प्लास्टिक और अन्य ठोस चीजों को रोकता है.“-नंदन कुमार, नगर आयुक्त, हरिद्वार नगर निगम

“इस तकनीक के तहत नहर के आर-पार एक बैरियर लगा दिया जाता है, जो कचरे को नदी के एक किनारे की तरफ धकेल देता है. जब कचरा किनारे पर इकट्ठा हो जाता है, तो उसे कन्वेयर बेल्ट पर डाल दिया जाता है.“-नंदन कुमार, नगर आयुक्त, हरिद्वार नगर निगम

इस साल गंगा के किनारे चलाए गए एक विशेष स्वच्छता अभियान में 32 संगठनों और 13,000 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया था. इस अभियान के दौरान इकट्ठा किए गए कचरे को सही तरीके से निस्तारित करने के लिए हरिद्वार नगर निगम को भेजा गया. ताकि, रिसाइकिल और निस्तारण किया जा सके.

वहीं, हरिद्वार जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पुराने कपड़े और अन्य कचरा नदी न फेंके. कपड़ों और अन्य सामानों को इनके लिए तय की गई जगहों (कलेक्शन पॉइंट्स) पर जमा करें. ताकि, गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनी रहे.

Spread the love

More Stories

You may have missed