Categories

August 4, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

गणेश गोदियाल ने ली कांग्रेस की बूथ-ब्लॉक और मंडल कार्यकर्ताओं की बैठक, बांकीपुर और दतिया में बीजेपी की हार से दिखे उत्साहित

1 min read

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता

श्रीनगर गढ़वाल: आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में सोमवार को श्रीनगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना तथा चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा करना रहा. गोदियाल ने देश की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी की हार पर खुशी जताई और इसे परिवर्तन का संकेत बताया.

श्रीनगर गढ़वाल में कांग्रेस अध्यक्ष ने ली बैठक: बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और चुनाव में जीत तभी संभव होगी, जब संगठन की मजबूती गांव-गांव और बूथ-बूथ तक दिखाई दे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें. स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं और कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आम लोगों की समस्या सुनने की अपील: गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार जनता के साथ खड़ी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आम लोगों की समस्याओं को सुनें और उन्हें संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाएं ताकि जनता का विश्वास पार्टी के प्रति और मजबूत हो.

कांग्रेस संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान: बैठक के दौरान संगठन विस्तार को भी विशेष महत्व दिया गया. इसी क्रम में अनेक युवाओं सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा. प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं का पार्टी से जुड़ना कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई पीढ़ी की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूती प्राप्त होगी. बैठक में बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, संगठन विस्तार, सोशल मीडिया की भूमिका, कार्यकर्ताओं के समन्वय तथा चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं.

उपचुनाव में दो सीटों पर बीजेपी की हार से कांग्रेस को जीत की उम्मीद: गौरतलब है कि सोमवार को बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों का परिणाम आया. बिहार में बांकीपुर और मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा उपचुनावों में बीजेपी की हार हो गई. दोनों राज्यों में बीजेपी की सरकार है. अमूमन उपचुनावों में सत्तारूढ़ दलों की जीत होती है. सिर्फ गुजरात में मांजलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी की बड़े अंतर से जीत हुई. इसी को लेकर गणेश गोदियाल ने अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की.

Spread the love

You may have missed