Categories

July 13, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

गढ़वाल केंद्रीय विवि में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, जानें कहां और कैसे करें आवेदन

1 min read

गढ़वाल विवि में एडमिशन के इच्छुक छात्र-छात्राएं 21 जुलाई रात्रि तक विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं

श्रीनगर गढ़वाल: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गयी है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित सीयूईटी-यूजी 2026 में शामिल छात्र-छात्राएं 21 जुलाई रात्रि तक विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे.

गढ़वाल केंद्रीय विवि में प्रवेश प्रक्रिया शुरू: विश्वविद्यालय परिसरों एवं संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों के साथ-साथ इंटीग्रेटेड एमबीए, बीए-एलएलबी, लोक नृत्य डिप्लोमा और लोक संगीत डिप्लोमा में प्रवेश भी इसी प्रक्रिया के माध्यम से किए जाएंगे. गढ़वाल विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपीएस गुसाईं ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को आवेदन से पूर्व संबंधित महाविद्यालय में पाठ्यक्रम की उपलब्धता एवं पात्रता की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है.

21 जुलाई रात तक कर सकेंगे आवेदन: साथ ही ऑनलाइन आवेदन पत्र सावधानीपूर्वक भरते हुए सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित अवधि में अपलोड करने और पंजीकरण शुल्क जमा करने के निर्देश दिए गए हैं. विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से प्रवेश संबंधी सभी अद्यतन सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं समर्थ पोर्टल का नियमित अवलोकन करते रहने की अपील की है.

उन्होंने यह भी कहा कि अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करें तथा पंजीकरण शुल्क समय पर जमा करना सुनिश्चित करें. अपूर्ण आवेदन अथवा निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार ही विचार किया जाएगा.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी नवीनतम सूचनाओं, मेरिट सूची, काउंसलिंग कार्यक्रम, दस्तावेज सत्यापन तथा अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं समर्थ पोर्टल का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें. प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन संचालित की जा रही है, इसलिए अभ्यर्थियों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है.

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया सीयूईटी-यूजी 2026 के नियमों एवं विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित प्रवेश दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी. ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना पंजीकरण पूरा करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या से बचा जा सके.

श्रीनगर में है गढ़वाल केंद्रीय विवि: एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में श्रीनगर में स्थित है. ये विश्वविद्यालय अलकनंदा नदी के किनारे स्थित है. इस विवि की स्थापन 1973 में हुई थी. इसके तीन प्रमुख परिसर हैं. इनमें बिड़ला परिसर श्रीनगर में है. बीजीआर परिसर पौड़ी गढ़वाल में है. एसआरटी परिसर टिहरी गढ़वाल में है. यह केंद्रीय विवि विज्ञान, कला, वाणिज्य और प्रौद्योगिकी में स्नातक ग्रेजुएट और स्नातकोत्तर यानी पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षा प्रदान करता है. यहां प्रवेश प्रक्रिया CUET UG और PG परीक्षा के अंकों के आधार पर होती है. इस शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

समर्थ पोर्टल पर करें आवेदन: सभी पंजीकरण विश्वविद्यालय के आधिकारिक समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन हो रहे हैं. विस्तृत विवरणिका और पाठ्यक्रमों की जानकारी के लिए अभ्यर्थी HNBGU की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं.

Spread the love

You may have missed