Categories

June 9, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

माता-पिता के आंखों के सामने गंगा में बहा बेटा, बदहवास हुए परिजन, तलाश जारी

1 min read

ऋषिकेश में गंगा स्नान करने के दौरान एक युवक नदी की तेज धाराओं में बह गया. जिसकी तलाश में एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाया.

ऋषिकेश: उत्तराखंड की तीर्थनगरी ऋषिकेश से एक बेहद दु:खद और हृदयविदारक घटना सामने आई है. मुनिकीरेती क्षेत्र स्थित साईं घाट पर गंगा स्नान के दौरान हरियाणा के रोहतक निवासी 20 वर्षीय युवक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया. घटना के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल पाया है. एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है. वहीं घटना के बाद युवक के माता-पिता बदहवासी में हैं.

20 साल का युवक रोहतक (हरियाणा) से अपने माता-पिता के साथ धार्मिक यात्रा पर ऋषिकेश आया हुआ था. सोमवार को परिवार साईं घाट पर गंगा स्नान कर रहा था. इसी दौरान अचानक गंगा का बहाव तेज हो गया. बताया जा रहा है कि शुभम का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी की ओर खिंचता चला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को बहता देख परिजनों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धारा के आगे सभी प्रयास नाकाम साबित हुए.

कुछ ही पलों में शुभम पानी में ओझल हो गया. अपने बेटे को आंखों के सामने बहते देख माता-पिता बदहवास हो गए. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी. सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोरों, रेस्क्यू बोट और अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही है. गंगा का जलस्तर और तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है, जिसके कारण खोजबीन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है. प्रशासन ने एक बार फिर श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें. विशेष रूप से मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर और प्रवाह अचानक बढ़ सकता है, जिससे इस प्रकार के हादसों की आशंका बनी रहती है. फिलहाल एसडीआरएफ और पुलिस की टीम युवक की तलाश में लगातार अभियान चला रही है. परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और शुभम के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं. हालांकि देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.

Spread the love

You may have missed