Categories

June 6, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

10वीं की छात्रा ने शिक्षक पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती होने पर खुला राज

1 min read

नाबालिग छात्रा ने शिक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ से गुरु-शिष्य के रिश्ते को तार-तार करने का मामला सामने आया है. विकासखंड कनालीछीना के एक हाईस्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा से उसी विद्यालय में तैनात शिक्षक ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने पर शिक्षक ने उसे गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. उसे अस्पताल ले जाने पर शिक्षक की करतूत उजागर हो गई. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है.

10वीं की छात्रा (पीड़िता) का आरोप है कि कनालीछीना विकासखंड के एक स्कूल में तैनात शिक्षक लंबे समय से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था. जब वह गर्भवती हुई तो उसने गर्भपात की दवा खिला दी. दवा खाने के बाद अधिक रक्तस्राव होने से छात्रा की तबीयत बिगड़ गई. परिजन उसे पीएचसी कनालीछीना ले गए. अस्पताल में हुई जांच में छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि हुई और शिक्षक के कारनामे का पता चला. अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी.

पीएचसी कनालीछीना के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत धानिक ने बताया कि छात्रा की हालत गंभीर थी. उसके गर्भवती होने की पुष्टि होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस उपाधीक्षक धारचूला केएस रावत ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया है. इधर इस घटना को लेकर विभिन्न संगठनों ने आक्रोश व्यक्त किया है.

पिथौरागढ़ में पूर्व के मामले: अप्रैल 2026 में मुनस्यारी तहसील क्षेत्र के एक गांव में बाल विवाह का शिकार हुई 14 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी को प्रसव पीड़ा होने पर पिथौरागढ़ महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया था. पुलिस ने कानूनन नाबालिग से शारीरिक संबंध और बाल विवाह के इस गंभीर मामले में पीड़िता के कथित पति के खिलाफ मुनस्यारी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू की थी.

वहीं फरवरी 2026 को धारचूला क्षेत्र की नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था. धारचूला विकासखंड क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग ने पिथौरागढ़ कोतवाली पहुंचकर एक युवक पर डरा-धमकाकर शारीरिक शोषण करने की शिकायत दर्ज कराई थी. वहीं एक और मामले में सितंबर 2025 को गंगोलीहाट क्षेत्र के रहने वाले एक 19 वर्षीय युवक एक 16 साल की नाबालिग किशोरी को डरा-धमकाकर घर से भगा लिया था. भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने गंगोलीहाट क्षेत्र से किशोरी को सुरक्षित बरामद किया था.

Spread the love

You may have missed