Categories

May 29, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

रुद्रपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार डॉक्टर को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत

1 min read

दिनेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-74 स्थित जाफरपुर के लंबाखेड़ा इलाके में हादसे में क्लीनिक से घर लौट रहे डॉक्टर की मौत हो गई.

रुद्रपुर: दिनेशपुर क्षेत्र में NH-74 पर देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे 46 वर्षीय डॉक्टर मंटू चंद्र राय को तेज रफ्तार ट्राला (ट्रक) ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि डॉक्टर का शव कई हिस्सों में बिखर गया. पुलिस ने ट्राला को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है.

मृतक की पहचान 46 वर्षीय मंटू चंद्र राय पुत्र विकास चंद्र राय निवासी रतन फार्म नंबर-03, राजनगर शक्ति फार्म, उधम सिंह नगर के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार डॉक्टर मंटू चंद्र राय की जाफरपुर के लंबाखेड़ा क्षेत्र में क्लीनिक थी. देर रात क्लीनिक बंद कर वह अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान NH-74 पर दिनेशपुर कट के पास गदरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्राला संख्या UP 25 ET 1658 ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर सड़क पर गिर पड़े और ट्राला उन्हें करीब 300 से 400 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया.

हादसा इतना भयावह था कि मृतक का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और सड़क पर कई हिस्सों में बिखर गया. घटना देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही थाना दिनेशपुर के थाना अध्यक्ष रविंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं रुद्रपुर कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस की सहायता से शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

हादसे में शामिल ट्राला को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया था जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है.
-अनिल जोशी, एसएसआई, रुद्रपुर कोतवाली-

साथ ही हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को भी खुलवाया गया.स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली. लोगों का कहना है कि NH-74 पर लगातार तेज रफ्तार और बेलगाम भारी वाहनों के कारण हादसे बढ़ते जा रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सख्त कार्रवाई, स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्राला चालक की तलाश जारी है.

Spread the love

You may have missed