Categories

May 28, 2026

घराट

खबर पहाड़ से-

किच्छा में गैस सिलेंडर लीकेज से लगी भीषण आग, महिला समेत चार लोग झुलसे

1 min read

किच्छा में गैस सिलेंडर लीकेज से कई लोग झुलसे गए. आनन-फानन में सभी घायलों को तत्काल नजदीकी हॉस्पिटल ले जाया गया.

रुद्रपुर: जिले के किच्छा में गैस सिलेंडर लीकेज से लगी आग से अफरातफरी मच गई. हादसा एक गैस एजेंसी परिसर में बने कमरे में हुआ, जहां खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी. घटना में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. राहत की बात यह रही कि आग एजेंसी में रखे अन्य गैस सिलेंडरों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था.

किच्छा के वार्ड नंबर एक स्थित शिव भारत कॉमर्शियल गैस सर्विस के गोदाम परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज होने से अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और चार लोग उसकी चपेट में आकर झुलस गए. जानकारी के अनुसार गोदाम परिसर में रहने वाले मजदूर मुनीश की पत्नी अन्नू दोपहर के समय खाना बना रही थी. इसी दौरान गैस सिलेंडर से अचानक रिसाव होने लगा. देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली और पूरे कमरे में लपटें फैल गईं.

आग लगते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. आसपास के लोगों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को सतर्क किया और तुरंत पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझाने के दौरान क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों को मौके से दूर किया. इस हादसे में मुनीश, उसकी पत्नी अन्नू, प्रिंस और संजीव कुमार गंभीर रूप से झुलस गए.

सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) किच्छा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. लोगों को सबसे ज्यादा डर इस बात का था कि कहीं आग गैस एजेंसी में रखे अन्य सिलेंडरों तक न पहुंच जाए. यदि ऐसा होता तो बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि हो सकती थी.

हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया.पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण गैस सिलेंडर में लीकेज माना जा रहा है. प्रशासन ने लोगों से गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की गैस गंध आने पर तुरंत सतर्क होने की अपील की है.

 

Spread the love

You may have missed